नाहन, 13 दिसंबर : रविवार को दोपहर बाद मौसम ने अचानक ही करवट ले ली। दोपहर 12 बजे तक धूप खिली हुई थी। अलबत्ता हल्के बादल जरूर थे, लेकिन इसके बाद धीरे-धीरे शहर के कई हिस्सों में कोहरे ने दस्तक दे दी। इससे तापमान में हल्की गिरावट भी दर्ज हुई।
बता दें कि इन दिनों मैदानी इलाकों में कोहरा फैल चुका है। इस कारण विजिबिलिटी पर भी असर पड़ा है। इन सर्दियों में पहली बार कोहरे ने शहर में प्रवेश किया है। उधर सिरमौर के ऊपरी क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। चूड़धार चोटी पर ताजा हिमपात के बाद निचले इलाकों में शीत लहर है। फिलहाल जनपद में जनजीवन सामान्य है।
भारी बर्फबारी होने की स्थिति में ऊपरी इलाकों की करीब 3 दर्जन से अधिक पंचायतों के यातायात प्रभावित होने की संभावना रहती है। रविवार को शहर में पहुंचे कोहरे से विजिबिलिटी पर भी हल्का असर पड़ता नजर आया। अंतिम समाचार तक शहर के कई हिस्सों में कोहरा मौजूद था।