रामपुर/मीनाक्षी भारद्वाज: हिमाचल में एक बार फिर मौसम ने अपने मिज़ाज बदलने शुरू कर दिए है। प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। ताज़ा जानकारी के अनुसार शिमला जिला के रामपुर, कुफरी, नारकंडा आदि स्थानों पर ताज़ा हिमपात हुआ है। क्षेत्र के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने व निचले क्षेत्रों में बारिश होने से किसानों व बागवानों के चेहरों में ख़ुशी झलक रही हैं। क्योंकि उन्हें आगामी वर्ष फलों व अन्य फसल होने की संभावनाएं बड़ी है। लोग इस शुष्क ठंड से राहत महसूस कर रहे हैं।
उनका मानना है कि इस मौसम से कई बिमारियों से भी राहत मिलेगी। इस वक्त नारकंडा में लगभग 6 इंच बर्फ पड़ चुकी है। वहीं स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक गरी बहाली में लगभग आधा फुट तक बर्फबारी दर्ज की गई है, जबकि बर्फ़बारी का दौर अभी भी लगातार जारी है। इस मौसम में बेसहारा पशुओं की हालत दयनीय हो रही है। गौर हो कि सड़कों पर वर्षो से बेसहारा पशुओं की समस्याएं कई वर्षों से चली आ रही है। हालांकि न्यायालय ने भी इस के समाधान के इस बारे में आदेश देकर पंचायतों व राष्ट्रीय उच्च मार्ग के अधिकारियों की जिम्मेदारी बनाई थी परंतु कई वर्षों से देखा जा रहा है कि इस और ना तो पंचायतें और एनएच के अधिकारी ध्यान दे रहे हैं।
राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर रामपुर से लेकर नारकंडा तक वर्षो से सड़कों के किनारे पशुओं का जम्बाड़ा देखा जा सकता हैं। इस मार्ग से गुजरने वाले मंत्री, विधायक, आरआरएस नेता व सरकारी उच्चाधिकारी भी इस समस्या की और आंखे मुंदे निकल जाते है। इस मौसम में इन बेजुवान पशुओं की हालात क्या हो सकती है इसका अंदाजा स्वयं लगाया जा सकता है। बता दें कि रामपुर के नीचले क्षेत्र मे बारिश व ऊपरी क्षेत्र मे बर्फबारी जारी हैं।