सोलन, 7 दिसंबर: औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में यश फैनस एंड एप्लाइंसिस काठा में भड़की आग की चपेट में आई महिला कामगार की मौत हो गई है। हालांकि तस्दीक नहीं है, लेकिन बताया जा रहा है कि हादसे में महिला इस कदर तक झुलसी कि बाद में केवल सिर ही शेष रह गया था। बाकी शरीर बुरी तरह से जल गया।
शाम तक भी उद्योग के भीतर कामगारों के फंसे होने की आशंका जाहिर की जाती रही। कुछ अन्य कामगारों के भी झुलसने की सूचना है। आग की चपेट से सकुशल निकले एक कामगार अरविंद ने बताया कि आग लगने के बाद एक दीवार भी गिरी है। बता दें कि परिजनों द्वारा बार-बार यही कहा जा रहा था कि भीतर उनके परिजन भी फंसे हुए हैं।
चूंकि कंपनी की दीवारें व छत इत्यादि भी ढह रही हैं, लिहाजा रात साढ़े 7 बजे के आसपास रेस्क्यू ऑपरेशन को रोक दिया गया है। इसी बीच सूत्रों ने बताया कि एक या दो लोग लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए सुबह ही रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जाएगा। बद्दी फायर स्टेशन को सुबह सवा 8 बजे के आसपास हादसे की सूचना मिली थी। लगभग 11 घंटे तक आग को काबू करने के अलावा कामगारों को तलाशने का रेस्क्यू ऑपरेशन चलता रहा। मृतक महिला की पहचान 35 वर्षीय भानु पत्नी शरीफ निवासी यूपी के तौर पर की गई है। आग लगने के बाद भट्ठी में धमाके के साथ ही दीवार गिर गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार का कहना है कि शाम 5 बजे तक आग पर तो काबू पा लिया गया था, लेकिन लापता कामगारों की तलाश चलती रही। बता दें कि भीषण आग को काबू करने के लिए बद्दी, नालागढ़, परवाणु के अलावा वर्धमान उद्योग के फायर टैंडर बुलाए गए थे।
https://youtu.be/2_OPSGRRhIc