मंडी, 18 नवंबर : उपमंडल धर्मपुर की सजाओ पीपलु पंचायत के भेड़ी गांव के दूल्हे अविनाश कश्यप पुत्र जगदीश चन्द को उस समय अपनी ससुराल पक्ष से बैरंग लौटना पड़ा जब नशे की हालत में होने के कारण दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया और बारात बैरंग लौट आयी।
वर पक्ष से बड़ी धूमधाम से बारात निकली थी और उसके ससुराल वालों ने भी बारातियों की आवभगत में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। लेकिन जब दूल्हा लग्न मंडप में बैठने लगा तो नशे में होने के कारण झूमने लगा। यह सब देखकर लड़की के पक्ष वालों में कानाफूसी शुरू हो गई और होते-होते बात दुल्हन के कानों तक पँहुच गई। लग्न बेदी में सात श्रृंगार करके बैठने के लिए तैयार दुल्हन ने स्वयं अपनी आंखों से मामले की सच्चाई को जानना चाहा तो दूल्हा नशे में झूम रहा था और उसकी हालत देखकर लड़की ने तत्काल उससे विवाह करने से इनकार कर दिया।
वर पक्ष और लड़की की ओर से सभी ने लड़की को मनाने की कोशिश की लेकिन वह टस से बस नहीं हुई और निराश हो कर वर पक्ष वालों को बारात वापिस लौटानी पड़ी।चारों ओर दुल्हन के इस साहस की चर्चा है। बारातियों के अनुसार शादी लड़के और लड़की की आपसी सहमति से हो रही थी।