आनी/राकेश शर्मा 16 नवंबर: करीब 30 किलोमीटर दूर 10280 फीट की ऊंचाई पर जलोड़ी जोत में ताजा बर्फबारी हुई है। बर्फबारी के चलते एनएच 305 पर आवाजाही प्रभावित हो गई है। जिससे बाह्य सिराज, आनी का मुख्यालय कुल्लू से संपर्क कट गया है। समूचा क्षेत्र शीतलहर की चपेट में है। आनी मुख्यालय में हल्की बारिश होने से ठंड भी बढ़ गई है।
बर्फबारी के चलते लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पडता है। जलोड़ी दर्रा सर्दियों में बर्फबारी के चलते काफी समय तक बंद हो जाता है। ऐसे में बंजार और आनी विकास खंड के लोगों को अपने जरूरी कामों को निपटाने के लिए लगभग 10 किलोमीटर दर्रा पैदल पार करना होता है। हालांकि बंजार घाटी और बाह्म सराज के लोगों को इस बार अटल टनल के शुरू होने से परेशानियों कुछ हद तक कम होगी।
बर्फबारी से प्रचंड शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है। बता दें कि सोमवार सुबह से ही लाहौल-स्पीति, कुल्लू और मनाली की ऊंची चोटियों में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। पर्यटन नगरी मनाली ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। बर्फबारी से रोहतांग और बारालाचा दर्रे छह महीने के लिए बंद हो गए हैं। नेशनल हाईवे-305 के बंद होने से आनी व निरमंड की 60 पंचायतों का संपर्क जिला मुख्यालय से कट गया है।