शिमला,15 नवंबर : बिहार विधानसभा चुनाव में शानदार जीत के बाद भाजपा की नजर जम्मू-कश्मीर में स्थानीय निकाय चुनाव में भाजपा को काबिज करना है। इसके लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर को स्थानीय निकाय का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है। यह पहला मौका है जब अनुराग ठाकुर को किसी राज्य में चुनाव प्रभारी का जिम्मा सौंपा गया है।
अनुराग के अलावा भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन और हरियाणा के सांसद संजय भाटिया को चुनाव का सह प्रभारी बनाया गया है। इस संबंध में नड्डा ने रविवार को आधिकारिक घोषणा की है।
आपको बता दें कि अनुराग ठाकुर भारतीय जनता पार्टी का एक युवा चेहरा हैं। वह हिमाचल के हमीरपुर जिला से लगातार चोैथी बार सांसद बने हैं। अनुराग ठाकुर के काम की पीएम मोदी भी तारीफ कर चुके हैं। हिमाचल के लाहौल-स्पीति में अटल टनल रोहतांग के लोकार्पण के मौके पर पहुंचे पीएम मोदी ने अनुराग को हिमाचल का छोकरा कहकर संबोधित किया था।
केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद पहली बार जम्मू कश्मीर में जिला विकास परिषद का चुनाव भी हो रहा है। जिला विकास परिषद, पंचायतों व स्थानीय निकायों के कुल आठ चरणों में चुनाव होंगे। ये चुनाव 28 नवंबर से 19 दिसंबर तक होंगे।