सोलन, 11 नवम्बर : हिमाचल प्रदेश पुलिस राज्य में कानून व्यवस्था संभालने के साथ अंतराज्यीय और अंतर्राष्ट्रीय सीमाओं पर पुरी तरह मुस्तैद है। यह बात प डीजीपी संजय कुंडू ने सोलन में पत्रकार वार्ता में कही। कुंडू ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं और बच्चों के प्रति अपराध को कम करने के लिए पुलिस व्यापक स्तर पर काम कर रही है। प्रदेश के पुलिस थानों में जवानों की कमी है, जिसको पुरा करने के लिए जल्द ही 1400 कांस्टेबल की भर्ती की जाएगी। सरकार द्वारा पदों को भरने की मंजूरी मिल गई है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं व बच्चों के साथ बढ़ रहे साइबर क्राइम को कम करने के लिए साइबर सेल को मजबूत बनाया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला मुख्यालयों में साइबर क्राइम सेल के अलावा कुछ जिला में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन खोलने की मांग भी सरकार से की गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अब ड्रोन की मदद लेगी। इसके लिए पुलिस हैड मुख्यालयों को ड्रोन उपलबध करवाए जा रहे हैं।
सोलन पुलिस की सराहना करते हुए डीजीपी कुंडू ने कहा कि सोलन व बीबीएन पुलिस ने कोविड-19 के दौरान बीमारी को रोकने और सरकारी गाइडलाइन को लागू करने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि जिला में पिछले कुछ समय से क्राइम रेट में 25 फीसदी की कमी आई है।
डीजीपी ने कहा कि प्रदेश पुलिस अंतराष्ट्रीय सीमा के साथ राज्य सीमाओं में मुस्तैद है। पिछले कुछ महीनों में किन्नौर और लाहौल स्पीति के साथ लगती अंतराष्ट्रीय सीमा में चीन की गतिविधियों की जानकारी के लिए सीमा में युवा अधिकारियों की नियुक्ति कर प्रदेश व केंद्र सरकार को आवश्यक जानकारी जुटाई गई। इसी तरह प्रदेश के साथ लगी अंतर राज्यीय सीमाओं में किसी भी तरह की तस्करी और अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए पहले से ज्यादा मुस्तैद है।
कुंडू ने कहा कि प्रदेश में सडक़ दुर्घटनाओं की प्रति 1 हजार 11 मौते होती है जोकि राष्ट्रीय औसत प्रति एक हजार 8 है। इस ग्राफ को कम करने के लिए पुलिस संबंधित विभाग सहित विभिन्न उपायों पर काम कर रही है। इससे पूर्व उन्होंने दक्षिण जोन की क्राइम बैठक की अध्यक्षता की और विभिन्न निर्देश सबंधित अधिकारियों को दिए। क्राइम बैठक में एसपी शिमला मोहित चावला, एसपी सोलन अभिषेक यादव आदि मौजूद रहे।