शिमला 11 नवंबर : दिवाली के उपलक्ष्य पर हिमाचल प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली (Delhi)के लिए अतिरिक्त बस सेवा शुरू हो गई है। दीपावली पर यात्रियों की सहूलियत के लिए एचआरटीसी (HRTC) प्रबंधन ने दिल्ली के लिए स्पेशल बसें चलाने का फैसला लिया है। दरअसल दिल्ली और चंडीगढ़ से बड़ी संख्या में लोग दिवाली मनाने हिमाचल अपने घर आते हैं।
दिल्ली के लिए एचआरटीसी की अतिरिक्त बस सेवा बुधवार से शुरू हुई। एचआरटीसी के विभिन्न डिपुओं से 14 अतिरिक्त बसें दिल्ली के लिए चलाई जा रही हैं। शिमला, धर्मशाला, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा और मंडी इत्यादि शहरों से दिल्ली के लिए अतिरिक्त बसें भेजी जा रही हैं। दिल्ली आने-जाने वाली ये बसें पंजाब, चंडीगढ़ होते हुए कई स्टेशनों से होकर जाएंगी। 13 नवंबर तक यह सेवा जारी रहेगी।
एचआरटीसी के एमडी संदीप कुमार ने इस बात की पुष्टि की है। उन्होंने कहा है कि राज्य के भीतर एचआरटीसी की स्पेशल बसें ऑन डिमांड (On Demand) चलाई जाएगी। जहां अधिक सवारियां होंगी, वहां एचआरटीसी स्पेशल बसें भेजेगा।