हमीरपुर, 01 अक्टूबर : प्रदेश में लगातार विशालकाय अजगरो का निकलना जारी है। जिला के उपमंडल भोरंज में पड़ने वाले गांव धिरड में अजगर देखा गया है। अजगर खेतों के बीच में बने पंप हाउस के अंदर छुपा बैठा था। जैसे ही पंप ऑपरेटर पंप हाउस के अंदर गया तो उसकी नजर आराम फरमा रहे अजगर पर पड़ गई। अजगर ने कुछ खाया हुआ था, जिसे पचाने के लिए वह एक कोने में जाकर बैठ गया।
पंप ऑपरेटर ने इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी और थोड़ी ही देर बाद वहां लोगों का जमावड़ा लग गया। फोन के माध्यम से वन विभाग को सूचित किया गया और अजगर को वहां से बाहर निकाल कर जंगल में छोड़ दिया गया। हैरानी की बात यह है कि इस बार लगातार हिमाचल के हर जिले में ऐसी विशालकाय अजगर देखने को मिल रहे है।
बता दें कि हमीरपुर जिला मेंं ही घर में घुसे अजगर को गोली मारने का वीडियो वायरल हुआ था। इसमें सोशल मीडिया के यूजर्स गोली चलाने वाले के पक्ष में यह कहकर उतरे थे कि आत्मरक्षा का सवाल था। बवाल इसलिए मचा था क्योंकि वीडियो के वायरल होने के बाद वाइल्ड लाइफ एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसके अलावा भी हमीरपुर में एक से डेढ़ साल पहले विशालकाय अजगर पेड़ पर पाया गया था। लिहाजा, यह सवाल उठ रहा है कि क्या यह जिला अजगरों का बड़ा ठिकाना है।