चंबा, 22 सितंबर : साहो बस स्टैंड में अग्निकांड के चलते मिठाई की दुकान जल गई। यह हादसा मंगलवार सुबह करीब छह बजे हुआ। हादसे में करीब दो लाख रूपये की संपति को नुकसान पहुंचा है। यह दुकान ज्ञान चंद निवासी साहो की थी। मौके पर पहुंचकर फायर कर्मियों ने आग पर नियंत्रण पाया और आग को फैलने से रोका। आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ज्ञान चंद सुबह छह बजे अपनी दुकान में आया। दुकान में उन्होंने धुआं उठता देखा और देखते ही देखते आग बढ़ती गई। स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। साथ ही फायर स्टेशन चंबा को सूचना दी। करीब बीस मिनट में फायर स्टेशन चंबा से एक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने आग पर नियंत्रण पाया व बाजार की अन्य दुकानों को सुरक्षित बचाने में कामयाबी हासिल की। स्थानीय अधिकारी राजिंद्र कुमार ने बताया कि आग से दो लाख रूपये का नुकसान हुआ है।