मंडी (एमबीएम न्यूज़): प्रदेश की कांग्रेस सरकार जहां खुद भ्रष्टाचार में लिप्त हैं, वहीं सरकार के नुमाईंदे केंद्र सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हैं, जोकि हास्यास्पद है। यह बात हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील ठाकुर ने मंडी में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कही। सुनील ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार और उसके सभी कैबिनेट मंत्री भ्रष्टाचार में लिप्त हैं और अपने भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए केंद्र सरकार पर आरोप लगाए जा रहे हैं।
सुनील ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस का अब तक का कार्यकाल पूरी तरह से निराशाजनक और हताशा भरा रहा है। प्रदेश की जनता कांग्रेस की सरकार से तंग आ चुकी है और 2017 के विधानसभा चुनावों का इंतजार कर रही है। उन्होंने शिमला में कांग्रेस द्वारा की गई रैली पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ऐसी रैलियां करके भाजपा को बदनाम करने की साजिश रच रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के सभी नुमाईंदे ऐसी रैलियों में अपने भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए दूसरों पर गलत आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक मुख्यमंत्री ने इस बात का प्रमाण नहीं दिया है कि उनके पास आय से अधिक संपति कहां से आई है।