शिमला: मुख्यमंत्री कार्यालय के उपसचिव के कोरोना पाॅजिटिव पाए जाने के बाद छोटा शिमला स्थित राज्य सचिवालय को सैनेटाइज किया गया। नगर निगम प्रशासन ने आज शाम सचिवालय को सैनेटाइज किया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम भी सचिवालय पहुंची और संक्रमित अधिकारी के संपर्क में आने वाले अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों के सैंपल लिए। प्रशासन ने सीएम कार्यालय के स्टाफ को होम क्वारंटाइन में रहने के आदेश दिए हैं।
उधर, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बाद दोपहर तमाम कार्यक्रम रद्द कर होम क्वारंटाइन हो गए हैं। मुख्यमंत्री के भी कोरोना के सैंपल लिए गए, जिनकी रिपोर्ट देर रात या सुबह तक आने की संभावना है। सचिवालय से अपने सरकारी आवास ओक ओवर जाते वक्त मुख्यमंत्री ने खुद मीडिया के समक्ष इस बात की पुष्टि की है कि वह क्वारंटाइन होने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री परिवार सहित होम क्वारंटाइन हुए हैं। अब अगले कुछ दिन मुख्यमंत्री किसी से भी नहीं मिलेंगे।
अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य आरडी धीमान ने बताया कि कोरोना पाॅजिटिव मामला आने के बाद सचिवालय को सैनेटाइज किया गया है और मुख्यमंत्री कार्यालय समेत सचिवालय के अधिकारियों व कर्मियों की सैंपलिंग की जा रही है। इन्हे होम क्वारंटाइन में रहने के निर्देश दिए गए हैं। सचिवालय को अभी सील नहीं किया गया है। अगर कोई और पाॅजिटिव मामला सामने आता है, तभी सचिवालय को सील किया जाएगा।