शिलाई: रविवार दोपहर बाद से टोंस नदी में लापता शिलाई भाजपा मंडल के उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह नेगी वीरवार को पांचवे दिन उत्तराखंड के इछाड़ी डैम (Ichaari) डैम में मिल गया है। बता दें कि रविवार दोपहर 4 बजे के आसपास समाजसेवी व राजनीतिज्ञ महेंद्र सिंह नेगी उर्फ बाजा अपने दोस्तों के साथ टोंस नदी में नहाने उतरे थे, और तेज बहाव की चपेट में आ जाने से लापता हो गए थे। इसके बाद से लगातार ही सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था।
हालांकि पूर्व विधायक बलदेव तोमर ने रविवार को ही महेंद्र सिंह नेगी(Mahendra Singh Negi)के निधन पर शोक जताया था लेकिन आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की जा रही थी। मिल रही जानकारी के मुताबिक आज पांचवे दिन अपने आप ही शव नदी के एक किनारे पर तैरता हुआ नजर आया। इसके बाद सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत ही शव को निकालने की कार्रवाई शुरू कर दी।
अंतिम समाचार के मुताबिक शव को नदी से निकालने की कार्रवाई की जा रही है। उधर पावंटा साहिब के डीएसपी वीर बहादुर(DSP Veer Bahadur) ने पुष्टि करते हुए कहा कि शव को निकालने के बाद शिनाख्त करवाई जाएगी। इसके बाद पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। उल्लेखनीय है कि पांवटा साहिब के डीएसपी वीर बहादुर आज सुबह ही सर्च अभियान के मद्देनजर घटनास्थल पर रवाना हो गए थे। इससे पहले बुधवार को पावंटा साहिब के यमुना नदी में डूबने से भी एक 9 साल के बच्चे की मौत हो गई थी। जिसका शव बुधवार को बरामद कर लिया गया था।