शिमला : हिमाचल प्रदेश में कोरोना पाॅजिटिव मामलों की तादाद बढ़कर 393 पहुंच गई है। शुक्रवार रात नौ बजे तक राज्य में 10 नए मामलों की पुष्टि हुई, वहीं इतने ही मरीज कोरोना को मात देकर ठीक हुए। एक्टिव मामले 199 हैं। हमीरपुर के बाद कांगड़ा में कोरोना के मामलों ने शतक लगा दिया है। आज सात जिलों में नए मामले आए। कांगड़ा मे 3, हमीरपुर में 2, ऊना में 1, शिमला में 1, कुल्लू में 1, बिलासपुर व चंबा में 1 मरीज पाए गए।
अधिकतर संक्रमित दूसरे प्रदेशों से अपने-अपने जिलों में लौटने के बाद संस्थागत क्वारेंटाइन पर थे। कांगड़ा में आंकड़ा 101 पहुंच गया है। शिमला में हमीरपुर की महिला पाॅजिटिव पाई गई है। वह हमीरपुर से उपचार के लिए आईजीएमसी रैफर की गई थी। महिला को फिलहाल आईसोलेशन में रखा गया है। जिला प्रशासन के मुताबिक शिमला में संक्रमित महिला किसी के संपर्क में नहीं आई। शिमला में अब तक 12 मामले आ चुके हैं। इनमें एक्टिव मरीज 3 हैं। संक्रमण के मामले बढ़ने के साथ मरीजों के ठीक होने से शासन व प्रशासन ने राहत की सांस ली है।
आज 10 मरीज कोरोना को हरा कर स्वस्थ हुए। हमीरपुर में 7, कांगड़ा में 2 और मंडी में 1 मरीज ठीक हुए। राज्य में अब तक 393 में से 185 मरीज ठीक हो चुके हैं। कोरोना से ठीक होने की दर 47 फीसदी पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा रात 9 बजे जारी हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक हमीरपुर में सर्वाधिक 120 मामले हैं। कांगड़ा में 101, ऊना में 41, सोलन में 32, चंबा में 29, बिलासपुर में 21, मंडी में 20, शिमला में 12, सिरमौर में 11, कुल्लू में 4 और किन्नौर में 2 मामले हैं।