शिमला : हिमाचल प्रदेश में दूसरे राज्यों से परिवार सहित आ रहे लोगों ने कोरोना को बढ़ा दिया है। विभिन्न जिलों में हर रोज कोरोना संक्रमण के मामले आ रहे हैं। रविवार को पांच जिलों में 18 नए कोरोना संक्रमित मरीजों की पुष्टि हुई। दुखद बात यह रही कि दो, छह और नौ साल के तीन बच्चे भी पाॅजिटिव पाए गए हैं। ये तीनों मासूम कांगड़ा जिला में पाॅजिटिव पाए गए। कांगड़ा में सबसे ज्यादा 8 मामले आए हैं। हमीरपुर और सोलन में चार-चार तथा कुल्लू व ऊना जिला में संक्रमण का एक-एक नया मामला आया है। कुल्लू जिला एक दिन पहले ही संक्रमण से मुक्त हुआ था। राज्य में आज 9 मरीजों ने कोरोना पर फतेह हासिल की।
कांगड़ा से 4, सोलन व हमीरपुर से 2-2 और ऊना से 1 मरीज स्वस्थ हुआ है। अब तक 116 मरीज ठीक हो चुके हैं। प्रदेश में अब कोरोना का आंकड़ा 331 पहुंच गया है। इनमें एक्टिव मरीज 206 हैं। रविवार को कांगड़ा से सबसे ज्यादा आठ नए पाॅजिटिव मामले सामने आए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक ये सभी बीते 27 मई को दिल्ली से कांगड़ा लौटे थे। इनमें धर्मशाला के दाड़ी का 30 वर्षीय युवक, शाहपुर उपमंडल के संधू गांव का 51 वर्षीय व्यक्ति तथा उसका 17 वर्षीय बेटा, नूरपुर उपमंडल के कुलहन गांव से 47 वर्षीय व्यक्ति और उसका नौ साल का बेटा, नूरपुर उपमंडल के मिझग्रां गांव का दो वर्षीय बच्चा तथा खुडिंया तहसील के बरी गांव का 27 वर्षीय युवक शामिल है।
सभी सातों संक्रमित को दिल्ली से कांगड़ा लौटने पर ज्वालामुखी स्थित संस्थागत संगरोध केंद्र में रखा गया था। पॉजिटिव आने के बाद इन्हें बैजनाथ के कोविड केयर सेंटर में भेजा गया है। बाद दोपहर कांगड़ा में छह साल का एक और मासूम पाॅजिटिव पाया गया। उसकी मां पहले से ही कोरोना संक्रमित है तथा डाढ़ स्थित कोविड केयर सेंटर में उपचाराधीन है। मां बेटा बीते 24 मई को मुबंई से कांगड़ा लौटी थे। दोनों को परौर स्थित संस्थागत संगरोध केंद्र में रखा गया था। कुछ दिन पूर्व मां का सैंपल कोरोना पॉजिटिव आया था वहीं आज छह वर्षीय बेटे की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
सोलन जिला के चार पाॅजिटिव मामले बनड़गी, परवाणू और नालागढ़ से संबंधित है। बनड़गी में एक कोल्ड स्टोर में काम करने वाले दो लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। यह दोनों हरियाणा के रेवाड़ी से काम करने यहां आए हैं। परवाणू में गुजरात से आकर क्वारंटाइन किया गया युवक कोरोना पॉजिटिव निकला है। नालागढ़ के युवक की ट्रेवल हिस्ट्री पिंजौर की है। स्वास्थ्य विभाग ने रात 9 बजे जारी हेल्थ बुलेटिन में बताया कि आज 18 नए मामले आए, वहीं 9 मरीज ठीक हुए। कुल 331 में से 206 एक्टिव मरीज हैं। पांच की मौत हुई है और चार मरीज हिमाचल से बाहर उपचार करवा रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव निपुण जिंदल ने बताया कि हमीरपुर जिला में कोरोना के सबसे ज्यादा 111 मामले हैं। कांगड़ा जिला 87 मामलों के साथ सूची में दूसरे स्थान पर है। ऊना में 38, सोलन में 30, चंबा में 20, बिलासपुर में 18, मंडी में 12, शिमला में 9, सिरमौर में 4 और कुल्लू जिला में 2 मामले आ चुके हैं।