शिमला : हिमाचल के हमीरपुर और कांगड़ा जिलों में शुक्रवार को भी कोरोना का हमला जारी रहा। हमीरपुर में कोरोना ने शतक लगा दिया। इस सबसे छोटे जिले में कोरोना के मामले 101 पहुंच गए हैं। राज्य में आज कोरोना के 14 नए मामले आए, इनमें हमीरपुर में 8, कांगड़ा में 5 और उना से एक व्यक्ति में कोरोना की पुष्टि हुई। कोरोना के कहर के बीच मरीज ठीक होकर अस्पताल से घर भी लौट रहे हैं। इस कड़ी में 10 मरीज कोरोना को परास्त करने में कामयाब रहे। कांगड़ा और हमीरपुर के चार-चार मरीज और उना के दो मरीज ठीक हुए हैं।
स्वास्थ्य विभाग की आज रात 9 बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार सूबे में कोरोना वायरस से संक्रमितों के 14 नए मामलों को मिलाकर एक्टिव मरीज 203 हो गए हैं। वहीं कुल मामलों का आंकड़ा 295 पहुंच गया है। कल देर शाम तक राज्य में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 281 बतायी गयी थी।
आज मिले नए मरीज बाहरी राज्यों से लौटने के बाद अपने-अपने जिलों के एकांतवास केंद्रों में रह रहे थे। स्वास्थ्य विभाग ने केंद्रों में ही इनके सैम्पल लेकर जांच के लिए भेजे, जिनकी रिपोर्ट पाॅजिटिव पाई गई है। हमीरपुर में पति-पत्नी सहित पांच लोग पाॅजिटिव निकले। ये दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद और राजस्थान के कोटा से आए थे। कांगड़ा के नए मरीजों में तीन रेड जोन महाराष्ट्र के ठाणे से लौटे हैं जबकि एक 75 वर्षीय बुर्जुग दिल्ली से लौटा है। नए मामलों में तीन पुरूष और एक महिला है। पुरूषों में दिल्ली से लौटे 75 वर्षीय बुर्जुग थुरल से है। उनकी हालत नाजुक है तथा उन्हें डायलिसिज के लिए थुरल से नेरचैक मैडिकल कालेज मंडी भेजा गया है।
स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव निपुण जिंदल ने बताया कि शुक्रवार को जहां 14 नए मरीजों की पुष्टि हुई, वहीं 10 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ भी हुए। उन्होंने कहा कि अब तक 83 लोग ठीक हो चुके हैं।
उन्होंने कहा कि कोरोना के मामलों में हमीरपुर जिला पहले स्थान पर है। इस जिले में अब तक संक्रमण के 101 मामले आ चुके हैं। वहीं कांगड़ा जिला 74 मामलों के साथ सूची में दूसरे स्थान पर है। राज्य में अब तक 33979 लोगों में कोरोना की जांच हुई है। इनमें 33486 की रिपोर्ट नेगेटिव पाई गई है। पांच मरीजों की मृत्यु हुई है। उधर मीडिया बुलेटिन जारी होने के बाद ऊना से भी एक व्यक्ति के पॉजिटिव आने की खबर है। 46 वर्षीय व्यक्ति मुंबई से लौटा था। लिहाजा उपरोक्त आंकड़ों के अलावा यह अतिरिक्त मामला है।