शिमला : राजीव बिंदल के इस्तीफे के बाद भाजपा आलाकमान हिमाचल में कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त करेगी। इसे लेकर कवायद तेज हो गई है। कहा जा रहा है कि कार्यकारी अध्यक्ष का फैसला जल्द हो जाएगा। बीजेपी से जुड़े सूत्र बताते हैं कि पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व फिलहाल कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त करने के पक्ष में है और इसके लिए संभावित नामों पर मंथन शुरू कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जंबाल और पूर्व विधायक व पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा के नाम पर प्रमुखता से विचार चल रहा है। त्रिलोक जंबाल जहां भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के करीबी हैं। वर्तमान में वह प्रदेश भाजपा के महामंत्री हैं। वहीं रणधीर शर्मा के पास भी संगठन का तजुर्बा है। वह पहले भी कई सालों तक भाजपा के प्रवक्ता रह चुके हैं। चार माह पहले जब प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के चयन को लेकर भी इन दोनों नेताओं के नाम सबसे आगे चल रहे थे। लेकिन बाद में राजीव बिंदल को अध्यक्ष बना दिया गया था।
आलाकमान की यह कोशिश रहेगी कि कार्यकारी अध्यक्ष पद पर ऐसे नेता की ताजपोशी हो जो कि सरकार व संगठन दोनों में तालमेल स्थापित कर सके। भाजपा सूत्रों की मानें तो केंद्रीय नेतृत्व सरकार और संगठन से विचार विमर्श के बाद शीघ्र कार्यकारी अध्यक्ष की घोषणा करेगी।