नाहन : बीजेपी के चीफ पद से इस्तीफा देने के बाद डाॅ. राजीव बिंदल ने आज एक वीडियो जारी किया। करीब सवा 5 मिनट के इस वीडियो में बिंदल ने कहा कि वो अग्नि परीक्षा से कुंदन बनकर निकलेंगे। कांग्रेस का नाम लिए बगैर ही बिंदल ने कहा कि सेवा करना कठिन है। बेहतर होता कि सेवा में कैसा परिश्रम होता है, इसको देखते।
उल्लेखनीय है कि डाॅ. राजीव बिंदल ने खुद ही अपने इस्तीफे का ऐलान एक वीडियो के जरिए किया था। चंद मिनटों में इस्तीफे की प्रतिलिपि भी वायरल हो गई। यही नहीं, शाम तक राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा मंजूर किए गए इस्तीफे की काॅपी भी सामने आ गई। बिंदल ने वीडियो में अपनी उपलब्धियों का बखूबी बखान करने का प्रयास किया। भावुक अंदाज में बिंदल यह भी कह गए कि आप विश्वास रखिए, क्योंकि चंद लोग बहती गंगा में हाथ धोकर प्रदेश को विदूषित करने में लगे हुए हैं। बिंदल ने दावा किया कि पूरा जीवन सच्चाई व सेवा भाव से गुजारा है।
दीगर है कि निदेशालय में कथित भ्रष्टाचार के मसले पर आज पूरा दिन राजनीति खूब गर्माई रही। कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह सहित कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के अलावा कई जिलों में सरकार को विपक्ष ने घेरा। अपने गृह निर्वाचन क्षेत्र में भी बिंदल जमकर कांग्रेसियों के निशाने पर आए। इस मामले पर पूरे जिला भर से कांग्रेसी नेताओं की टोली नाहन पहुंची। साथ ही पत्रकारों से बातचीत कर सरकार पर कई सवाल दागे। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष कंवर अजय बहादुर सिंह ने कहा कि बिंदल के इस्तीफे को सामने लाकर खुद जयराम पाक साफ नहीं हो सकते। उन्हीं के नियंत्रण में स्वास्थ्य विभाग था तो वो क्यों नैतिकता के आधार पर इस्तीफा नहीं दे रहे।