धर्मशाला : बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों के संक्रमित होने का सिलसिला लगातार जारी है। ताजा मामले में कांगड़ा के गोपालपुर का रहने वाला परिवार संक्रमित पाया गया है। इसमें 40 वर्षीय व्यक्ति व उसकी 33 वर्षीय पत्नी के अलावा 7 साल का बच्चा भी पॉजिटिव पाया गया है। परिवार 20 मई को गुजरात के गांधीनगर से घर लौटा था। साथ लौटे दो व्यक्ति पहले ही संक्रमित पाए जा चुके हैं।
कांगड़ा के डीसी राकेश प्रजापति ने पुष्टि करते हुए कहा कि पॉजिटिव पाए गए तीनों को अस्पताल शिफ्ट किया जा रहा है। मंगलवार को प्रदेश में संक्रमितों के मिलने का आंकड़ा 17 पहुंच गया है। मंगलवार को सबसे अधिक संक्रमितों की संख्या हमीरपुर में रही, जहां 82 पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके अलावा शिमला, ऊना, कांगड़ा व चंबा में भी संक्रमित मिले हैं। राज्य सरकार बार-बार यही तर्क दे रही है कि केवल वही लोग संक्रमित पाए जा रहे हैं जो बाहरी राज्यों से आने के बाद क्वारंटाइन केंद्रों में रखे गए हैं।