शिमला : जिले में भी कोरोना के मामलों में बढ़ौतरी होने लगी है। मंगलवार को रोहड़ू के चिड़गांव में एक मामला सामने आने के बाद शाम को दो नए मामलों की पुष्टि हुई है। ठियोग के देहा में संस्थागत क्वारंटाइन में रखे दो युवकों की रिपोर्ट पाॅजिटिव पाई गई है। ये दोनों 18 मई को महाराष्ट्र से रेलगाड़ी के माध्यम से वापिस आए थे और देहा में इन्हें क्वारंटाइन किया गया है। इनमें एक 18 साल का है और दूसरे की आयु 19 साल है। दोनों चौपाल के रहने वाले हैं।
दोनों को मशोबरा में बनाए गए कोेविड संस्थान में शिफ्ट किया जा रहा है। आईजीएमसी के एमएस डाॅक्टर जनक राज ने दो नए मामले आने की पुष्टि की है। इन्हें मिलाकर शिमला में आंकड़ा 9 पहुंच गया है। इनमें एक्टिव मामले 7 हैं। इन मामलों को मिलाकर प्रदेश में आज के मामलों का आंकड़ा 12 पहुंच गया है। आठ मामले हमीरपुर और एक ऊना जिला से है। वहीं राज्य में अब कुल मामलों की सुख्या 235 हो गई है। एक्टिव मामले 163 हैं।