नाहन: शहर में तापमान बढ़ते ही अघोषित बिजली कट परेशानी का सबब बन गए हैं। हर घंटे में कई कट लगने से बिजली बोर्ड को आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। 15 मई के बाद से तापमान में लगातार इजाफा हो रहा है। इसकी सटीक वजह बताने में भी बिजली बोर्ड सफल नहीं हो रहा। एसडीओ केपी सिंह का कहना है कि गिरिनगर से ही दिक्कत है। ये दिक्कत क्यों है, इसकी स्थिति साफ नहीं है। अनुमान के आधार पर बिजली बोर्ड का तर्क है कि चंद रोज पहले अंधड़ के कारण लाइनें प्रभावित हुई थी। संभवतः इसी कारण ट्रिपिंग हो रही है।
उधर जानकार यह भी कहते हैं कि तापमान के बढ़ते ही पावर लोड भी बढ़ गया है। इसे नियंत्रित करने में बोर्ड सफल नहीं हो पा रहा। अहम बात यह है कि एसी व कूलर भी ऑन नहीं हुए हैं। उधर ददाहू के सैनधार क्षेत्र में भी लगातार पावर कट से लोग परेशानी का सामना कर रहे हैं। बिजली की आंख मिचौली जारी है। लोग बिजली आने पर जैसे ही संभालते ही फिर बिजली गुल हो जाती है। मुख्यालय में दोपहर तीन बजे के आसपास तापमान 36 डिग्री पहुंच चुका था।