शिमला : हिमाचल विश्वविद्यालय प्रशासन ने लाॅकडाउन में सरकार के आदेशों को दरकिनार कर स्टेशन छोड़कर दूसरे जिलों में जाने वाले कर्मचारियों को जल्द शिमला पहुंचने के निर्देश दिए हैं। विवि के रजिस्टार घनश्याम चंद ने शुक्रवार को इस संबंध में कार्यालय आदेश जारी किए। इसमें कहा गया है कि गत 16 मार्च और 4 मई को अतिरिक्त मुख्य सचिव कार्मिक ने आदेश निकाले थे कि विश्वविद्यालय के सभी कर्मचारियों को अपने स्टेशनों पर ही मौजूद रहना होगा और कोई भी अधिकारी व कर्मचारी स्टेशन नहीं छोडे़गा। इन आदेशों के बावजूद विवि के वो अधिकारी व कर्मचारी जो कि स्टेशन छोड़कर बाहर जा चुके हैं, वे अंतर जिला आवाजाही के प्रावधानों के अंतर्गत जल्द से जल्द शिमला अपने स्टेशन पर पहुंच जाएं।
दरअसल विवि प्रशासन के संज्ञान में आया है कि लाॅकडाउन में विवि के बंद होने के चलते भारी संख्या में कर्मचारी दूसरे जिलों में अपने मूल निवास स्थानों में चले गए हैं। लाॅकडाउन समाप्त होने तथा परिवहन सेवाएं शुरू होने पर हिमाचल विवि का भी खुलना तय है। विवि को यूजी की परीक्षाएं करवाने तथा यूजी के पांचवें सेमेस्टर का परिणाम घोषित करना है। प्रदेश के विभिन्न स्थानों में बनाए परीक्षा गए केंद्रों तक उत्तर पुस्तिकांए पहुंचाना और प्रश्न पत्रों की सप्लाई भी होनी है। ऐसे में विवि में कर्मचारियों का मौजूद रहना अति आवश्यक है। इसे देखते हुए प्रशासन ने कर्मचारियों व अधिकारियों को अतिशीघ्र स्टेशन पहुंचने के निर्देश दिए हैैं।