हमीरपुर/शिमला: राज्य में हर घंटे में कोरोना के आंकड़े में इजाफा हो रहा है। वीरवार को निशाने पर हमीरपुर है। तीसरे चरण में हमीरपुर में कोरोना के 6 नए मामले आए हैं। केवल आज ही इस जिला में संक्रमितों का आंकड़ा 16 हो गया है। प्रदेश में आज की संख्या 27 हुई है। कांगड़ा व सोलन में क्रमश: 6 व 5 मामले सुबह 8 बजे से पहले ही आ गए थे। दोपहर तक कुल आंकड़ा 11 पर था, जो 2 बजे तक 16 के आसपास हुआ। साढ़े 4 बजे तक संख्या 21 हुई। एक घंटे के भीतर ही 6 नए मामले आने के बाद संख्या 27 पहुंच गई है। इसे खतरे की घंटी माना जा रहा है। हमीरपुर में पॉजिटिव पाए गए सभी व्यक्तियों को जलाडी, कराड़ा, चंगर, कक्कड़, बडेहर, डुग्गा, के क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया था। बताया जा रहा है की सभी की ट्रैवल हिस्ट्री मुंबई से जुडी है।
अब तक प्रदेश में स्थिति काफी नियंत्रित नजर आ रही थी। 4-5 मई को एक्टिव केस की संख्या महज एक थी, जो अब 79 हो गई है। उधर सरकार कर्फ्यू में धीरे-धीरे ढील की योजना बना रही है। इंटर डिस्ट्रिक्ट बसों को शुरू करने की योजना ऐसी स्थिति में सही रहेगी या नहीं, यह तो सरकार को ही तय करना है। स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव निपुण जिंदल ने कहा कि हमीरपुर में आज कुल 16 नए मामले आए हैं।
दीगर है कि शायद आज पहली बार ही ऐसा हुआ है, जब विधायक परमजीत सिंह पम्मी व पूर्व विधायक केएल ठाकुर को भी 7 दिन के होम क्वारंटाइन पर भेजा गया है, क्योंकि वो पश्चिम बंगाल से लौटे लोगों से मिलने क्वारंटाइन सैंटर पहुंचे थे। एक अन्य जानकारी के मुताबिक हमीरपुर के 220 सैंपल्स की रिपोर्ट आज आनी बाकी है।