नालागढ़: क्षेत्र के मानपुरा क्वारंटाइन सैंटर से एक साथ पांच कोरोना पॉजिटिव मिलने से आज सुबह हडकंप मच गया था। इसी केंद्र का विधायक परमजीत सिंह पम्मी व पूर्व विधायक केएल ठाकुर ने दौरा किया था। इस दौरान केंद्र में रखे गए लोगों को फल वितरित किए थे। जानकारी के मुताबिक आज सुबह इस केंद्र के पांच लोगों के पॉजिटिव आने के तुरंत बाद ही विधायक व पूर्व विधायक को घर से बाहर न आने का आग्रह कर दिया गया था।
जानकारी यह भी है कि इन्हें 7 दिन के होम क्वारंटाइन की सलाह प्रशासन द्वारा दी गई है। संक्रमित पाए गए तमाम लोग बीबीएन के ही रहने वाले हैं। 15 मई को पश्चिम बंगाल से लौटने के बाद संस्थान क्वारंटाइन कर दिए गए थे। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि विधायक व पूर्व विधायक के 7 दिन बाद जांच के लिए नमूने लिए जाएंगे या नहीं। इसी बीच तहसीलदार ऋषभ शर्मा ने केवल इतना कहा कि विधायक व पूर्व विधायक को 7 दिन के होम क्वारंटाइन पर रहने को कह दिया गया है।