हमीरपुर : हिमाचल पर कोरोना संक्रमण को लेकर वीरवार का दिन भारी पड़ रहा है। दोपहर के 12:00 बजे से पहले ही कुल 16 मामले सामने आ गए हैं। कांगड़ा व सोलन में 11 मामलों के बाद अब हमीरपुर में 5 संक्रमितों का पता चला है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक पॉजिटिव पाए गए दो व्यक्ति भोरंज तहसील के रहने वाले हैं, जबकि तीन का ताल्लुक टौणी देवी विकासखंड से है।
जानकारी के मुताबिक 4 को संस्थागत क्वारंटाइन पर रखा गया था जबकि एक होम क्वारंटाइन में ही रह रहा था। फिलहाल दो के बारे में यह पता चला है कि वह मुंबई से लौटे थे। तीन की यात्रा के इतिहास को खंगाला जा रहा है। हमीरपुर की मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अर्चना सोनी ने पुष्टि करते हुए कहा कि संक्रमित पाए गए लोगों को अस्पताल शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।