बिलासपुर : एक तरफ कोरोना महामारी में पुलिस को कर्मवीर मानते हुए सम्मानित किया जा रहा है तो वहीं दूसरी तरफ बिलासपुर में पुलिस के एक जवान ने वर्दी में दाग लगाया है। जवान पर महिला को राशन का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोप लगे हैं। मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने आरोपी कर्मी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार खारसी पुलिस चौकी में तैनात पुलिस कर्मचारी ने शुक्रवार देर रात एक श्रमिक महिला के साथ बलात्कार की घटना को अंजाम दे दिया। अजय कुमार नाम के पुलिस कर्मचारी ने श्रमिक का काम करने वाली महिला के कमरे के पास जाकर उसे राशन देने की बात की तथा उसे सड़क तक ले गया, जहां पर गाड़ी की चालक की सीट पर पहले से ही एक व्यक्ति बैठा हुआ था।
पीडि़त महिला ने पुलिस में दर्ज शिकायत में आरोप लगाया है कि उसे जबरदस्ती घुमारवीं में अपने क्वार्टर ले जाया गया, जहां पर पुलिस कर्मचारी ने उससे जबरन बलात्कार किया और उसे फिर घुमारवीं में छोड़ दिया। महिला ने बताया कि वह गाड़ी में सवार दूसरे व्यक्ति को नहीं जानती जो सब कुछ जानकार भी चुप रहा।
डीएसपी मुख्यालय संजय शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस ने पीडि़त महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी पुलिस कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया है तथा उससे पूछताछ की जा रही है।