मंडी : अगर आप लग्जरी क्वारंटाइन में रहना चाहते हैं तो इसके लिए जिला प्रशासन पूरी व्यवस्था करवा रहा है। बस आपको लग्जरी सुविधाओं के लिए पैसे खर्च करने होंगे और 14 दिनों का क्वारंटाइन पीरियड आपका शानदार होटल में बीतेगा। डीसी मंडी ऋग्वेद ठाकुर ने आज मीडिया कर्मियों से बातचीत के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिला के होटल संचालकों के साथ प्रशासन ने इस संदर्भ में बातचीत कर ली है और अधिकतर होटल संचालकों ने क्वारंटाइन के लिए अपने कमरे देने की हामी भर दी है। कर्नाटका से वापिस मंडी आए दो लोग होटल में लग्जरी क्वारंटाइन में अपना समय व्यतीत कर रहे हैं।
डीसी मंडी ने स्पष्ट किया कि लग्जरी क्वारंटाइन में रहने का सारा खर्च व्यक्ति को खुद अदा करना होगा, प्रशासन की तरफ से सिर्फ होटल में कमरे की व्यवस्था करके दी जाएगी। उन्होंने बताया कि बाहर से आ रहे लोगों को प्रशासन यह ऑफर भी दे रहा है और जो जिसे यह ऑफर ठीक लग रही है वह इसका लाभ उठा सकता है।
डीसी मंडी ने बताया कि लॉकडाउन के बाद आज दिन तक जिला में 7546 लोग बाहरी राज्यों से यहां आ चुके हैं। उन्होंने बताया कि अभी तक 1328 लोगों ने अपना क्वारंटाइन पीरियड पूरा कर लिया है और अप्रैल महीने के अंत तक जो लोग आए हैं उनका क्वारंटाइन पीरियड आज पूरा हो रहा है। अब यह लोग कहीं भी आ-जा सकेंगे। उन्होंने बताया कि पंचायत स्तर पर जिला भर में 500 से अधिक इंस्टीच्यूशनल क्वारंटाइन सेंटर बनाए गए हैं जिनमें 195 लोग रह रहे हैं। यह वो लोग हैं जो रेड जोन से हिमाचल आए हैं। जो ऑरेंज या ग्रीन जोन से आए हैं उन्हें होम क्वारंटाइन में रखा गया है।
ऋग्वेद ठाकुर ने बताया कि लॉक डाउन के बाद से जिला में 30 हजार से अधिक लोगों को विभिन्न चरणों में राशन पहुंचाया गया है। ये वे लोग हैं जो लॉकडाउन के कारण बेरोजगार हो गए थे। डीसी मंडी ने बताया कि जिला प्रशासन ने अब बॉर्बर का काम करने वालों को भी फ्री में राशन देने का निर्णय लिया है। क्योंकि इनकी दुकानें अभी तक बंद हैं, जिस कारण इनके कारोबार पर विपरित प्रभाव पड़ रहा है। इसलिए कल से जिला भर के सभी बॉर्बर को राशन का आबंटन शुरू कर दिया जाएगा।