शिमला : सूबे के सबसे बड़े जिला कांगड़ा में मंगलवार का दिन कोरोना वायरस को लेकर भारी पड़ रहा है। पहले एक हेड कांस्टेबल सहित तीन लोग पॉजिटिव पाए गए थे। अब ताजा मामले में 33 वर्षीय व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। यानी चंद घंटे के भीतर ही कांगड़ा में कोरोना पॉजिटिव मामलों की संख्या तेजी से बढ़ी है। दीगर है कि आज ही 4 मामले सामने आए हैं। पिछले कल भी एक मामला सामने आया था।
स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव निपुण जिंदल ने पंचकूला से लौटे व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आने की पुष्टि की है। मंगलवार सुबह की शुरुआत काफी अटपटी रही थी। पहले हमीरपुर में तीन व्यक्तियों के पॉजिटिव आने की बात मीडिया में फैल गई। इसके बाद स्पष्टीकरण जारी हुआ जिसमें बताया गया कि कोई भी पॉजिटिव नहीं आया है। लेकिन चंद घंटों के भीतर ही कांगड़ा से हेड कांस्टेबल सहित तीन के पॉजिटिव आने की तस्दीक हो गई। शाम तक प्रदेश में कोरोना वायरस के 6 नए मामले आ चुके हैं। तमाम मामले बाहर से आने वाले लोगों से ही जुड़े हुए हैं। इसके अलावा हमीरपुर में भी आज 2 मामले सामने आए हैं।