शिमला : पुलिस ने ठियोग तहसील के संधु इलाके के जदयोग गांव में उपजाउ भूमि पर बड़े पैमाने पर अफीम की अवैध खेती करने का खुलासा किया है। मौके से बड़ी संख्या में अफीम के पौधे बरामद हुए हैं। पुलिस ने इस संबंध में 5 एफ़आईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ठियोग पुलिस ने राजस्व विभाग से खेत मालिकों की पूरी जानकारी मांगी है। इसके बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस को सूचना मिली थी कि जदयोग गांव में अफीम की अवैध खेती की जा रही है। सोमवार देर शाम ठियोग पुलिस ने छापा मारकर पांच खेतों में 5600 से अधिक अफीम के पौधे उगे हुए पाए।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार जदयोग गांव की कौशल्या के खेत मे 2072 अफीम के पौधे बरामद हुए। इसी तरह हेत राम और नरेश के खेत से 1534 पौधे, दीप राम के खेत से 450 पौधे, मस्तराम के खेत से 1055 पौधे और महेंद्र सिंह के खेत से 710 पौधे बरामद किए गए। यह भी सामने आया है कि कुछ खेत मालिकों ने गांव के ही लोगों को खेती के लिए जमीन को दिया था। पुलिस पड़ताल कर रही है कि संबंधित जमीन पर अफीम की खेती किसने की है।
ठियोग के एसडीपीओ कुलविंद्र कुमार ने बताया कि अफीम की खेती करने पर पांच मामले दर्ज किए हैं। अफीम के पौधे अलग-अलग खेतों में उगाए गए थे। राजस्व विभाग से खेत मालिकों का रिकार्ड मांगा गया है। इसके बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।