सोलन : क्षेत्र में गलानग के डमरोग में देर रात होमगार्ड जवान ने मायके में रह रही अपनी पत्नी पर सरकारी बंदूक से गोलियां चला दी। इस दौरान महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे पीजीआई रैफर किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों की शादी 10-12 साल पहले हुई थी। दोनों के बीच कुछ महीने पहले से विवाद चल रहा था। जिस वजह से महिला अपने मायके में रह रही थी।
होमगार्ड का जवान भूपिंदर कसौली का रहने वाला है और परवाणु में ड्यूटी कर रहा था। देर रात टैक्सी करके भूपिंदर सोलन के गलानग अपने ससुराल पहुंचा। जहां पहले उसने सरकारी बंदूक से खिड़की से गोली चलाई, फिर उसने कमरे के अंदर जा कर अपनी पत्नी पर दोबारा गोली दागी ओर वहां से फरार हो गया। परिजनों ने 108 की मदद से महिला को स्थानीय अस्पताल सोलन पहुंचाया।
जहां महिला की गम्भीर हालात को देखते हुए उसको पीजीआई रैफर किया गया है। मामले की पुष्टि एएसपी शिव कुमार शर्मा ने की है।