नाहन: डॉ वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज में उत्तर प्रदेश की रहने वाली 2 युवतियों को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। पुख्ता जानकारी के मुताबिक इन महिलाओं को रात करीब दो बजे के आसपास पावंटा साहिब से पुलिस द्वारा लाया गया। सुबह ही सैंपल जांच के लिए सीआरआई कसौली भेजे गए हैं। विभाग ने साफ किया है कि सैंपल की रिपोर्ट तक कुछ भी कहना जल्दबाजी होगा।
जानकारों का यह भी कहना है कि आइसोलेशन वार्ड में संदिग्ध के तौर पर भर्ती की गई युवतियों की स्टेटमेंट भी विरोधाभासी है। हालांकि पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इतना जरूर बताया जा रहा है कि एक को लक्षण हो सकते है। यही कारण है कि उन्हें संदिग्ध मानते हुए आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। उधर जिलाधीश डॉ आरके परुथी ने कहा कि 2 महिलाओं को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। उनका कहना था कि सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। बीएमओ राजपुर अजय देओल ने बताया कि उत्तर प्रदेश के लखनऊ निवासी करीब 25 वर्षीय युवतियां गोंदपुर में स्थित फार्मा कंपनी में कार्यरत थीं, जो पांवटा साहिब के देवीनगर में 22 फरवरी 2020 से किराये के मकान में रहती थी। हालांकि पिछले काफी दिनों से वे कंपनी बंद होने की वजह से घर पर ही थी। दोनों को देर रात करीब 2 बजे मेडिकल कालेज नाहन भेजा है।