धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने मिडल, दसवीं व जमा दो का नतीजा जारी करने को लेकर अहम फैसला लिया है। इसके तहत घर से ही अध्यापकों द्वारा उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जाएगा। उत्तर पुस्तिकाओं के वितरण के लिए बोर्ड ने 45 केंद्र स्थापित किए हैं। यहां से 11 व 12 मई को उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण अध्यापकों को किया जाएगा। परीक्षक द्वारा मूल्यांकन करने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं को अंक सूचियों सहित निर्धारित समयावधि में संबंधित केंद्र में ही जमा करवाना होगा।
इन तमाम फैसलों की जानकारी शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सुरेश कुमार सोनी ने दी हे। उन्होंने बताया कि 11 मई को सुबह 10 से 1ः00 बजे तक मैट्रिक के 6 विषयों की उत्तर पुस्तिकाएं वितरित की जाएंगी। दोपहर 1ः30 से 5 बजे तक जमा दो के 6 विषयों की उत्तर पुस्तिकाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि 12 मई को मैट्रिक के शेष विषयों की आंसर शीट 10 से 1ः00 बजे तक दी जाएंगी। 1ः30 से 5 बजे तक जमा दो के 6 विषयों की आंसर शीटस परीक्षकों तक पहुंचा दी जाएंगी। उन्होंने बताया कि मूल्यांकन कार्य हेतु नियुक्त किए गए परीक्षकोें की नियुक्ति पत्र संबंधित स्कूल के यूजर आईडी पर अपलोड कर दिए गए हैं, जिन्हें डाउनलोड किया जा सकता है।
उन्होंने यह भी बताया कि विभिन्न विषयों के प्रश्नों के ग्रेस अंकों संबंधी आदेश भी वैबसाइट पर उपलब्ध हैं। गणित, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान व जीव विज्ञान के प्रश्न पत्रों के हल बोर्ड की वैबसाइट में नोटिफिकेशन के तहत अपलोड किए गए हैं, जिन्हें परीक्षकों को डाउनलोड करना होगा। तदानुसार ही उत्तर पुस्तिकाओं की जांच होगी।