पांवटा साहिब: माजरा थाना में तबलीगी जमात से लौटे व्यक्तियों की जानकारी छिपाने व प्रशासन को गुमराह करने को लेकर अमीर-ऐ-तबलीग (मुस्लिम धर्मगुरु) हाजी हुकमुदीन के खिलाफ मामला दर्ज किया है। हुकमुदीन हिमाचल प्रदेश में आने व जाने वाली जमातों के प्रमुख बताए जाते हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक पुलिस पिछले कई दिनों से हाजी हुकमुदीन से दिल्ली में हुई तबलीगी जमात से लौटे व्यक्तियों के बारे में जानकारी मांग रही थी। लेकिन हाजी हुकमुदीन ने प्रशासन को सही जानकारी न देते हुए लगातार गुमराह किया। जिसके बाद सीएमओ केके पराशर ने माजरा पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई कि जब 3 अप्रैल को सीएमओ ने फोन के माध्यम से हुकमुदीन निवासी माजरा से इरशाद पुत्र महबूब हसन स्थाई निवासी सहारनपुर (हाल निवासी माजरा तहसील पांवटा साहिब) के बारे में यह पूछा कि क्या यह व्यक्ति जमात मे शामिल होने कि लिए दिल्ली गया था? तो हाजी हुकमुदीन ने इस बारे झूठी जानकारी दी और बताया की इरशाद दिल्ली मे तबलिगी जमात निजामुदीन मरकज मे नहीं गया था। जबकि यह व्यक्ति वास्तव मे दिल्ली मे तबलीगी जमात निजामुदीन मरकज मे शामिल होने गया था।
जिसके बाद अब सीएमओ की शिकायत पर माजरा पुलिस ने जानकारी छुपाने और प्रशासन गुमराह करने को लेकर हाजी हुकमुदीन के खिलाफ आईपीसी की धारा 269, 270,188 और डिजास्टर मैनेजमेंट की धारा 51 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। उधर एसपी अजय कृष्ण शर्मा ने मामले की पुष्टि की है।