कुल्लू: सार्वजनिक कार्यक्रमों के बावजूद भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने पांवटा में पार्टी की बैठक किस कानून के तहत करवाई। प्रदेश के भाजपा प्रमुख ही नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं, उन पर मामला दर्ज होने चाहिए। यह बात कांग्रेस प्रदेश सचिव राजीव किमटा ने कही। उन्होंने कहा कि चूंकि बिंदल खुद डॉक्टर हैं, इसलिए उन्हें मैदान में आना चाहिए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को सेवाएं देनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि बिंदल द्वारा दिए गए एक प्रेस बयान में कहा गया है कि कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर राजनीति कर रहे हैं और उनके बयान की कांग्रेस निंदा करते हुए बताना चाहती है कि कोरोना जैसी मुसीबत भाजपाई राजनीति कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कांग्रेस के हर सदस्य से जरूरतमंद व्यक्ति और राज्य सरकार की मदद करने की अपील की है। दूसरी तरफ भाजपा अध्यक्ष राजनीति कर रहे हैं, उन्होंने 15 और 16 मार्च को पांवटा साहिब में कार्यसमिति की बैठक का आयोजन किया, जब देश में कोरोना वायरस का खतरा मंडरा रहा था।
उन्होंने कहा कि दूसरी ओर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राठौर ने अपनी सारी बैठकें स्थगित कर रखी है और यहां तक कि रैली आदि सभी स्थगित कर दी गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी राजनीति नहीं कर रही है, लेकिन राज्य सरकार के सामने लोगों की आवाज उठाने की कोशिश कर रही है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और उनकी टीम को राजनीति करने की कोशिश करने के बजाय लोगों और राज्य सरकार की मदद करनी चाहिए।