सराहां: सूबे में सबकुछ बंद कर दिया गया है। यहां तक अब पारिवारिक आयोजनों को भी प्रतिबंधित कर दिया गया है। स्वाभाविक सी बात है, खौफ कोरोना वायरस का है। चंद रोज पहले भाजपा की प्रदेश कार्य समिति की बैठक को भी रद्द नहीं किया गया था। संभवतः यहीं से एक संदेश पार्टी के नेताओं में फैला है कि कोरोना वायरस की पार्टी गतिविधियों में ‘नो टेंशन’ है।
बुधवार को भाजपा पच्छाद दल की मासिक बैठक का आयोजन लोक निर्माण के विश्रामगृह सराहां में किया गया। काफी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी जुटे। इसमें हिस्सा लेने विशेष तौर पर विधायिका रीना कश्यप भी पहुंची थी। फोटो सेशन भी हुआ। दिलचस्प बात यह है कि किसी भी पदाधिकारी के चेहरे पर मास्क नहीं था। मतलब सबकुछ ठीकठाक था। सवाल इस बात पर उठ रहा है कि क्या सत्तारुढ़ राजनीतिक दल अपनी ही नेताओं व कार्यकर्ताओं को बैठकें व कार्यक्रम रद्द करने का संदेश नहीं दे पाया है। साल के अंत में पंचायतीराज व स्थानीय निकायों के चुनाव भी होने हैं।
लिहाजा, अब सत्तारुढ़ राजनीतिक दल के लिए एक-एक दिन कीमती हो गया है तो शायद यही सोच कर कोरोना वायरस को लेकर सरकार के कदमों के विपरीत पार्टी बैठकें आयोजित करने परर विवश है।