पांवटा साहिब : प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल ने कहा है कि प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की बैठक में सभी हिमाचली हैं, इसलिए कोरोना वायरस का कोई खतरा यहां नही है। निजी रिजार्ट में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि हिमाचल देवभूमि है। ईश्वर की कृपा से हिमाचल में एक भी मामला कोरोना पाॅजिटिव नही है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश कार्यसमीति की बैठक में संकल्प लिया गया है कि प्रदेश की राजनीति में वर्ष 1990 से चले आ रहे सरकार बदलने के मिथक को तोड़ कर रहेंगे। प्रदेश मे फिर से भाजपा की सरकार रिपीट करेगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 1990 से प्रदेश में हर पांच साल बाद सरकार बदल जाती है। लेकिन इस बार भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत और सरकार के जनहित के कार्य इस मिथक को तोड़ देंगे। उन्होंने कहा कि 27 वर्ष के लंबे अंतराल के बाद सिरमौर मे प्रदेश कार्य समिति की बैठक हुई है।
बैठक में पूर्व अध्यक्ष सतपाल सत्ती और संगठन महामंत्री पवन राणा की मेहनत के कारण पार्टी को शिखर पर पंहुचाने के लिए आभार प्रस्ताव के साथ-साथ छोटे से राज्य हिमाचल के नेता जेपी नडडा को विश्व की सबसे बड़ी पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह सहित केंद्रीय नेताओं का आभार प्रकट किया। डॉ. बिंदल ने जानकारी देते हुए कहा कि महत्वपूर्ण बैठक के लिए विश्व के महान बलिदानी श्री गुरु गोबिंद सिंह जी को इष्ट मानते हुए विशेष तौर पर गुरु गोबिंद सिंह परिसर का निर्माण किया गया। जिसमें पूजा अर्चना के पश्चात बैठक का शुभारंभ किया गया।
बैठक के पहले सत्र का आयोजन केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। जिसमें पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के दूसरे कार्यकाल में केवल आठ माह में धारा 370 समाप्त करना, तीन तलाक विरोधी कानून लागू करना, 35ए समाप्त करना, पोक्सो के लिए सजा-ए-मौत लागू करना व 12 करोड़ किसानों को 6000 रुपए वार्षिक का लाभ आदि उपलब्धियों के लिए बधाई प्रस्ताव पारित किया गया। इस दौरान यह निर्णय भी लिया गया कि राजनीति के तमाम मुकाम हासिल करने के बाद अब 1990 से अब तक का मिथक तोड़ कर प्रदेश में सरकार को रिपीट करने के लिए काम किया जाएगा। इससे पहले पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती व महामंत्री पवन राणा को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई दी।
इसके अलावा साधारण परिवार से निकल कर विश्व की सबसे बड़ी पार्टी का मुख्य बनने पर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को भी बधाई दी गई। इस मौके पर केंद्र सरकार द्वारा प्रदेश की आर्थिक सहायता राशि बढ़ाने पर पीएम नरेंद्र मोदी का आभार भी जताया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हिमाचल प्रदेश का विशेष राज्य का दर्जा समाप्त कर दिया गया था। इसके साथ ही राम मंदिर पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत किया गया। बैठक के दौरान रेल लाइन के विस्तार के लिए प्रदेश सरकार का आभार प्रकट किया गया। इस मौके पर उनके साथ पांवटा साहिब के विधायक चौधरी सुखराम, प्रवक्ता बलदेव तोमर, राकेश शर्मा, जिला मीडिया प्रभारी राकेश गर्ग मौजूद थे।