भुंतर : भुंतर वैली ब्रिज वाहन चालकों के लिए गले की फांस बन गया है। शनिवार से रविवार को 11 से 4 बजे तक पुल की रिपेयर का कार्य चला। जिस कारण वाहनों व पैदल चलने वालों पर रोक लगा दी है, जिससे जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बैली ब्रिज से लगने वाले जाम से किसान-बागवान आम जनता व पर्यटक भी परेशान है। लगातार बढ़ती ट्रैफिक के चलते यह पुल अब वाहनों का बोझ सहन नहीं कर पा रहा है। बार-बार पुल की प्लेटों के उखड़ जाने से अनहोनी का खतरा बना रहता है।
संबंधित विभागीय अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार नेशनल हाइवे आथॉरिटी की एनकेसी कंपनी भुंतर पुल की टूटी प्लेटों की रिपेयर करवा रही है, जिसकी जॉब लोकनिर्माण विभाग के मैकेनिकल विंग शमशी को मिली है। मैकेनिकल विंग के एक्सपर्ट मैकेनिक शनिवार से इसकी मरम्मत में जुटे हैं। लोगों को बाजार आने-जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ है। किसानों के अनुसार अगर सीजन के दौरान पुल प्रभावित हुआ तो उन्हे भारी नुुकसान उठाना पड़ेगा। जनता ने प्रशासन से हाथीथान से बजौरा फोरलेन सड़क निर्माण को अतिशीघ्र पूरा करने की मांग की है। ताकि जनता को अपने गंतव्य को जाने का दूसरा विकल्प मिल सके।
जनता सरकार व प्रशासन से बार-बार मांग करती आ रही है कि भुंतर वैली ब्रिज के स्थान पर डबल लेन पुल अतिशीघ्र लगाया जाए। जिससे जाम की परेशानी व अनहोनी का खतरा हमेशा के लिए समाप्त हो जाए। उधर, मेकेनिकल विंग के सहायक अभियंता खुशाल सिंह ने बताया कि पुल की उन प्लेटों का मरम्मत कार्य किया जा रहा है, जो हिल रही थीं या जिनके नट-वोल्ट ढीले हो गए थे। उन्होंने बताया कि रविवार शाम तक उक्त कार्य को किया गया।