नाहन : रविवार को सिरमौरी चीते सुनील शर्मा ने 100 किलोमीटर के स्टेडियम रन में भी नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड कायम किया है। सुबह 5:00 बजे गुडगांव के ताऊ देवी लाल स्टेडियम में शुरू हुई। इस रन को सुनील ने 8 घंटे 2 मिनट में पूरा किया, जबकि इससे पहले मुंबई के दीपक ने इस दौड़ को 8 घंटे 4 मिनट में पूरा किया था। यानी सुनील ने मात्र 2 मिनट के अंतर से नया नेशनल रिकॉर्ड कायम किया है। इस कामयाबी के बाद सुनील को वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए भी एंट्री मिली है।
100 मीटर के स्टेडियम की वर्ल्ड चैंपियनशिप 12 सितंबर को यूरोप के नीदरलैंड में आयोजित की जा रही है। इस दौड़ को एथलेटिक फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा भी मान्यता प्राप्त थी। खास बात है कि सिरमौरी चीते ने इस रिकॉर्ड को नामी क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग की मौजूदगी में कायम किया है।
दीगर है कि जहां पहले भी सुनील ने 24 घंटे के स्टेडियम रन में राष्ट्रीय रिकॉर्ड कायम किया था। भारतीय धरती पर सुनील ने 24 घंटे में 228 किलोमीटर की दूरी तय की थी। हालांकि विदेशी धरती पर 24 घंटे की स्टेडियम रन का रिकॉर्ड अब भी भारतीय मूल के उल्लास के नाम पर है, जिन्होंने ताईवान में 24 घंटे के भीतर 250 किलोमीटर की दूरी को नापा था।
100 किलोमीटर रन का नया भारतीय रिकॉर्ड बनाने वाले सुनील शर्मा को आज शाम इस उपलब्धि पर आयोजकों द्वारा अलंकृत किया जाएगा। गुडगांव से फोन पर हुई बातचीत में सुनील शर्मा ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इस उपलब्धि का श्रेय वह अपने माता-पिता के अलावा शुभचिंतकों को देते हैं।