शिमला: भाजपा के वरिष्ठ नेता व जयराम सरकार में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री रहे विपिन परमार को सर्वसम्मति से हिमाचल विधानसभा का नया अध्यक्ष चुन लिया गया है। बुधवार को विधानसभा में सदन के नेता व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, संसदीय कार्य मंत्री सुरेश भारद्वाज, कृषि मंत्री रामलाल मारकंडा और उद्योग मंत्री विक्रम सिंह ने इसके लिए प्रस्ताव रखा तथा भाजपा विधायकों ने इनका अनुमोदन किया। इसके बाद विधानसभा की कार्यवाही का संचालन कर रहे विस उपाध्यक्ष हंसराज ने विपिन परमार को सर्वसम्मति से अध्यक्ष निर्वाचित करने की घोषणा कर दी। इस दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री नवनियुक्त अध्यक्ष विपिन परमार को आसन तक ले गए। विपिन परमार के पदभार ग्रहण करने के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व विस के अन्य सदस्यों नेउन्हें बधाई दी।
विधानसभा अध्यक्ष का कार्यभार संभालने के बाद विपिन परमार ने सदस्यों को आश्वस्त किया कि वह इस गरिमामय पद का पूरी जिम्मेवारी से निर्वहन करेंगे तथा तटस्थ रहेंगे। विस अध्यक्ष के रूप में अपने पहले संबोधन में विपिन परमार सदस्यों से बोले कि अब आप मेरे हैं और मैं आपका हूं। उन्होंने यह भी कि विस अध्यक्ष की भूमिका कुछ अलग है। इसे वह तभी सफलतापूर्वक निभा सकते हैं, जब सभी का सहयोग मिलेगा। उन्होंने कहा कि वह सदन में सभी के प्रति समदृष्टि रखेंगे।
इससे पहले विपिन परमार को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने उनके मंत्री पद के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि परमार ने मंत्री के रूप में खुद को श्रेष्ठ साबित किया है। जयराम ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में हिमकेयर योजना बहुत बड़ी उपलब्धी रही। यह योजना विपिन परमार की देन है। विभिन्न राज्यों की सरकारें हिमकेयर योजना के लिए हिमाचल सरकार की सराहना करती है। हिमकेयर योजना के तहत प्रदेश में 60 हजार लोगों को मुफत उपचार किया जा चुका है, जिस पर 62 करोड़ खर्च हुए हैं। उल्लेखनीय हे कि मंगलवार को परमार ने विधानसभा में नामांकन दाखिल किया था।
विधानसभा सचिव के समक्ष नामांकन दाखिल किए जाने के दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सहित तमाम मंत्री व विधायक मौजूद थे। अध्यक्ष पद के लिए एक ही नामांकन दाखिल हुआ था। 56 वर्षीय विपिन परमार कांगड़ा के सुलह विस क्षेत्र से तीसरी बार विधायक बने हैं। पहली बार वह 1998 में विधायक चुने गए थे। विपिन परमार छात्र राजनीति में वह एबीवीपी में सक्रिय थे और सचिव पद पर रहे। उन्होंने भाजपा संगठन में कई पदों पर काम किया। वर्तमान जयराम सरकार में वह स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री थे।