शिमला: हिमाचल प्रदेश में आगामी दिनों में भी मौसम लोगों की परेशानियां बढ़ाएगा। अगले दो दिन मौसम के साफ रहने के पूर्वानुमान के बाद 27 फरवरी को मौसम के तेवर फिर बिगड़ जाएंगे। मौसम विभाग द्वारा 28 फरवरी को प्रदेश के कई स्थानों पर भारी ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है। साथ ही 10 जिलों में येलो अलर्ट भी जारी किया है। इन जिलों में हमीरपुर, बिलासपुर, उना, मंडी, सोलन, शिमला, कांगड़ा, सिरमौर, कुल्लू और चंबा शामिल हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि 25 व 26 फरवरी को दिन में धूप खिली रहेगी। 27 फरवरी को मौसम में परिर्वन आएगा और प्रदेश के मध्यवर्ती व उच्चपर्वतीय इलाकों में वर्षा व हिमपात का दौर शुरू हो सकता है।
मैदानी व मध्यम उंचाई वाले क्षेत्रों में 28 फरवरी को बिजली कड़कने के साथ तेज ओलावृष्टि की प्रबल संभावना है। जनजातीय जिलों लाहौल-स्पीति व किन्नौर को छोड़कर अन्य सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि एक मार्च तक समूचे प्रदेश में मौसम खराब रहेगा। इस अवधि के दौरान राज्य के मैदानी क्षेत्रों में गरज के साथ बारिश व मध्यवर्ती व उच्चपर्वतीय क्षेत्रों में वर्षा व बर्फबारी के आसार हैं।
मनमोहन सिंह ने कहा कि पहाड़ों पर ताजा बर्फबारी के बाद शिमला, कुल्लू, लाहौल-स्पीति और किन्नौर में पारा माइनस में पहुंच गया है। केलांग, मनाली, कल्पा व कुफरी में न्यूनतम तापमान क्रमशः -7.8, -1.4, -1.2 व -0.2 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया। इसके अतिरिक्त सोलन में 3.6 डिग्री, शिमला में 4.1, सुंदरनगर में 4.7 डिग्री, चंबा में 4.8 डिग्री, पालमपुर में 5.5 डिग्री, हमीरपुर में 6 डिग्री, डल्हौजी में 6.7 डिग्री, धर्मशाला में 7.2 डिग्री, बिलासपुर में 8.8 डिग्री, उना में 9.3 डिग्री, मंडी में 10.5 डिग्री व नाहन में 11.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।