ऊना : ग्राम पंचायत दियोली में शुक्रवार रात्रि लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्माणाधीन एक रेन शेल्टर के लिए सरकारी ठेकेदार द्वारा लाए गए दस क्विंटल सरिए को उड़ा ले गए। ठेकेदार ने शुक्रवार सायं ही सरिया निर्माणाधीन साइट पर लाकर रखा था। घटना की जानकारी गगरेट पुलिस को मिलते ही गगरेट पुलिस ने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
लोक निर्माण विभाग में कार्यरत सरकारी ठेकेदार रोहित राय ने बताया कि उसने लोक निर्माण विभाग की टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से दियोली गांव में निर्माणाधीन रेन शेल्टर का टेंडर ले रखा था। इसका निर्माण कार्य शुरू करने के लिए वह मैटीरियल प्रस्तावित साइट पर एकत्रित कर रहा था। उसने कल ही करीब दस क्विंटल सरिया खरीद कर निर्माणाधीन साइट पर रखा था। शनिवार सुबह जब वह निर्माणाधीन साइट पर पहुंचा तो वहां पर सरिया गायब देखकर दंग रह गया। उन्होंने आसपास भी इसके बारे में पता करने का प्रयास किया, लेकिन सरिया कौन उड़ा ले गया इसका कुछ पता नहीं चला।
उन्होंने इसकी सूचना गगरेट पुलिस थाना में दी। जिस पर पुलिस थाना प्रभारी इंस्पेक्टर हरनाम सिंह ने स्वयं घटनास्थल का दौरा किया और दौलतपुर-गगरेट सड़क मार्ग पर कुछ दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी खंगाला लेकिन सरिया कौन उड़ा ले गए इसका कुछ सुराग नहीं लगा। चोरी किए गए सरिए की कीमत करीब 45 हजार रुपए बताई जा रही है। पुलिस थाना प्रभारी इंस्पेक्टर हरनाम सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।