शिमला : विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक प्रदेश में ताजा हिमपात हुआ है। मैदानी इलाकों में मूसलाधार बारिश की भी जानकारी है। लाखों श्रद्धालुओं की आस्था की प्रतीक चूड़धार चोटी पर भारी हिमपात हुआ है। हर साल शिवरात्रि के पर्व पर दर्जनों श्रद्धालु चोटी पर पहुंचने का जोखिम उठाते हैं,लेकिन इस साल यह जोखिम इस कारण अधिक बढ़ गया है क्योंकि शिवरात्रि की पूर्व संध्या पर चोटी पर जोरदार हिमपात हुआ है। वहीं चोटी की तलहटी में बसे हरिपुरधार, नौहराधार इत्यादि इलाकों में भी ताजा हिमपात की जानकारी आ रही है। दीगर है कि चोटी पर भगवान शिव के अवतार शिरगुल जी महाराज का प्राचीन मंदिर स्थित है।
हालांकि प्रशासन ने मई महीने तक चोटी पर चढ़ने को लेकर प्रतिबंध लगाया हुआ है, लेकिन बावजूद इसके श्रद्धालु खासकर शिवरात्रि के पर्व पर चोटी पर चढ़ने का जोखिम उठा लेते हैं। ऐसा कम ही होता है जब शिवरात्रि की पूर्व संध्या पर ताजा हिमपात हुआ हो। उधर, शिमला पुलिस के सुबह 8:00 बजे की अपडेट के मुताबिक राजधानी व आसपास के इलाकों में हल्का हिमपात हुआ है। पुलिस ने अलर्ट में कहा है कि हल्का हिमपात होने की वजह से जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी। पुलिस ने कहा कि अपर शिमला के कुछ इलाकों में हिमपात की वजह से सड़के फिसलन भरी हो गई हैं।
दीगर है कि मौसम विभाग ने 20 फरवरी को आसमानी बिजली गिरने के अलावा हिमपात व बारिश की चेतावनी जारी की थी। प्रदेश के अन्य हिस्सों से भी ताजा हिमपात की जानकारी आ रही है। ट्राइबल जिलों में भी ताजा हिमपात हुआ है। मैदानी इलाकों में कई जगहों पर सुबह के वक्त धूप भी खिल गई। ताजा हिमपात व बारिश की वजह से मैदानी इलाकों में तापमान में अधिक गिरावट महसूस नहीं की जा रही है।