नाहन : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद विधायक डॉ. राजीव बिंदल बुधवार दोपहर गृह निर्वाचन क्षेत्र में दाखिल हुए। प्रदेश के प्रवेश द्वार कालाअंब में सुबह से ही हलचल तेज थी। ढोल की धुन पर पार्टी कार्यकर्त्ता नाचते नजर आ रहे थे। गौरतलब है कि डॉ. बिंदल को आज दिल्ली से सीधा नाहन पहुंचना था। शहर की रिंग रोड पर हर 10 मीटर की दूरी पर स्वागत गेट बनाए गए थे। शहर पूरी तरह से भगवा रंग में नजर आ रहा था।
दीगर है कि प्रदेश निर्माता डॉ. वाईएस परमार के घर से पहली मर्तबा सिरमौर के हिस्से भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष आया है। राजनीतिक हलकों में बिंदल की ताजपोशी को लेकर अलग-अलग मायने निकाले जा रहे हैं। एक तर्क दिया जा रहा है कि मंत्रिमंडल का पद बेहतर होता, लेकिन एक तबका इस बात की भी दलील दे रहा है कि भाजपा जब सर्वोच्च प्रदर्शन के वक्त में है तो उस समय ऐसे राजनीतिक दल का प्रदेश मुखिया बनना अपने आप में कई तरह से अहमियत रखता है।
नाहन पहुंचकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. बिंदल का अधिकारिक इस्तकबाल का कार्यक्रम हिंदू आश्रम में रखा गया है। कुल मिलाकर कालाअंब-नाहन के बीच ऐसा लग रहा था कि मानो ढोल नगाड़ो की थाप पर सीएम का स्वागत हो रहा हो।