मंडी : जगत प्रकाश नड्डा को भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने की खुशी पर सीएम के गृह जिला में भाजपाईयों ने जमकर जश्न मनाया। शहर के ऐतिहासिक सेरी मंच पर भाजपा जिलाध्यक्ष रणवीर सिंह सहित अन्य भाजपा नेता एकत्रित हुए और नड्डा के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष रणवीर सिंह ने कहा कि विश्व के सबसे बड़े राजनैतिक संगठन का दायित्व एक बार फिर जमीन से जुड़े कार्यकर्ता को दिया गया है। ऐसा सिर्फ भाजपा में ही संभव है क्योंकि यहां आम कार्यकर्ता को पार्टी के शीर्ष पद तक जाने का मौका मिल पाता है। रणवीर सिंह ने कहा कि एक छोटे से प्रदेश को पार्टी ने इतनी बड़ी जिम्मेदारी देकर प्रदेश का मान-सम्मान न सिर्फ देश में बल्कि विश्व भर में बढ़ाया है।
उन्होंने कहा कि यह प्रदेश के लिए गौरव की बात है कि यहां के नेता को इतनी बड़ा दायित्व सौंपा गया है। रणवीर सिंह ने बताया कि 80 के दशक से वह नड्डा के मार्गदर्शन में कार्य कर रहे हैं और संगठन के संचालन की बारिकियां नड्डा ने ही उन्हें सिखाई हैं।