सुंदरनगर : पलोहटा की कैंसर पीडि़त सीमा को अब उम्मीद जगी है की उसका इलाज होगा। सीमा की मदद को हाथ बढने लगे है। चांबी के आदर्श युवक मंडल की पहल से लोगों से आर्थिक मदद जुटा कर युवक मंडल ने पीजीआई में पीडि़ता के परिवार को पहुंचाई और परिवार का मनोबल बढ़ाया। युवक मंडल ने पंचायत से प्रशासन की मदद से बनाया गया बीपीएल सहित अन्य प्रमाण पत्र सौंपे है। वहीं आदर्श युवक मंडल के सीमा की मदद की नाचन विस विधायक विनोद कुमार से लगाई गुहार भी रंग लाई है। युवक मंडल ने पीडि़ता के परिजन जय राम, कृष्ण लाल को साथ लेकर 24 दिसम्बर को सीमा के इलाज को दस्तावेज सौंप कर मांग की थी।
नाचन भाजपा प्रवक्ता नरेंद्र भंडारी ने कहा कि विधायक विनोद कुमार ने मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर से मदद की मांग की थी, जिस पर मुख्यमंत्री ने पांच लाख की सहायता को स्वीकृति पत्र पीजीआई चंडीगढ़ अस्पताल भेज दिया है। युवक मंडल ने कहा कि इलाज की आस लगी है, इलाज को अभी और करीब दस लाख की आवश्यकता है। नाचन विधानसभा क्षेत्र के पलोहटा पंचायत में नेहरा गांव निवासी ब्लड कैंसर रोग से पीडि़त सीमा पुत्री मुरारी लाल की मदद को लोग आगे आए है। पंचायत में पीडि़ता के परिवार का बीपीएल सूची में नाम दर्ज कर प्रमाण पत्र जारी किया गया। वहीं परिवार को बेटी के इलाज के लिए हिमाचल प्रदेश सरकार से पांच लाख की मदद का पत्र अस्पताल को भेजा गया है।
नेहरा में कारपेंटर हैं सीमा के पिता
पलोहटा ग्राम पंचायत के गांव नेहरा के किसान परिवार के मुरारी लाल की 14 साल की बेटी सीमा बीते तकरीबन 4 माह से कैंसर रोग से पीडि़त है। वर्तमान में वह पीजीआई चंडीगढ़ में जीवन के लिए संघर्ष कर रही है। मुरारीलाल पत्नी एक छोटे बेटे और 14 साल की सीमा के साथ नेहरा गांव में कश्चे मकान में रहते हैं। साथ ही एक शैड में कारपेंटर का कार्य करके जीवन यापन कर रहे है।
4 माह पहले बिगड़ी थी सीमा की तबीयत
4 माह पहले बेटी सीमा की तबीयत बिगड़ी और उसे कैंसर रोग से पीडि़त पाया गया। स्थानीय अस्पतालों से इलाज करते-करते बात चंडीगढ़ पीजीआई तक पहुंची। इस दौरान परिवार की जीवन भर की जमा पूंजी खर्च हो गई है। परिवार बेटी के इलाज के लिए चंडीगढ़ में लंबे अरसे से रह रहा है। पीजीआई के चिकित्सकों ने इलाज का खर्चा तकरीबन 10 से 15 लाख के बीच बताया है। खर्चे के आकलन की रिपोर्ट भी दी गई है।
बीपीएल चयनित नहीं होने से पीडि़ता के उपचार के दौरान सरकार की विभिन कल्याण कारी योजना भी नहीं मिल रही है। परिवार प्रशासन व पंचायत सचिव की मदद से बीपीएल सूची में हाल ही में शामिल हुआ है। जिससे चांबी के आदर्श युवक मंडल ने भी आस जताई है। युवक मंडल के प्रधान चुन्नीलाल, उपप्रधान दीपचंद, सचिव राकेश कुमार, कोषाध्यक्ष ललित कुमार और मुख्य सलाहकार पवन राल्टा ने लोगों से अब तक करीब एक लाख की आर्थिक मदद जुटाई है। यु
वक मंडल ने यह राशि और विभिन प्रमाण पत्र पीडि़त परिवार को पीजीआई जा कर पहुंचाए है। उन्होंने कहा कि सीमा के माता-पिता और परिवार ने बेटी की जान बचाने में मदद के लिए लोगों और विधायक सहित मुख्यमंत्री का आभार जताया है।