मंडी : पंडोह में बीबीएमबी की गुमटी में आग लगने से पुलिस जवान की जलकर मौत हो गई। जबकि दो अन्य पुलिस जवान घायल हो गए हैं। हादसा बीती रात करीब एक बजे का बताया जा रहा है। मृतक की पहचान संतोष कुमार पुत्र स्व. श्रवण सिंह निवासी हमीरपुर के रूप में हुई है। संतोष कुमार फोर्थ आईआरबीएन में तैनात था। पिछले कुछ समय से पंडोह स्थित बीबीएमबी के पीवीटी स्वीच यार्ड में बतौर ईंचार्ज अपनी सेवाएं दे रहा था। मिली जानकारी के अनुसार डे-शिफ्ट में डयूटी देने के बाद संतोष कुमार रात को यहां बनी गुमटी में विश्राम कर रहा था। रात करीब एक बजे यहां आग लग गई।
आग दो गुमटियों में लगी लेकिन दूसरी गुमटी में सो रहे दो पुलिस जवान समय रहते खुद को बाहर निकालने में सफल हो गए। जबकि संतोष कुमार बिस्तर पर पड़ा-पड़ा जलकर राख हो गया। आगजनी की सूचना पुलिस चैकी पंडोह और फायर ब्रिगेड को दी गई। लेकिन जब तक आग पर काबू पाया जाता तब तक संतोष कुमार का शरीर जलकर राख हो चुका था।
आज सुबह एएसपी मंडी पुनीत रघु ने फाॅरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का दौरा किया और साक्ष्य जुटाए। उन्होंने बताया कि आगजनी के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम व फाॅरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।