चंबा : चंबा-पठानकोट नेशनल हाईवे पर केरू नाला के समीप एक गाड़ी अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह हादसा शुक्रवार को सुबह के वक्त हुआ। हादसे में घायल चालक को उपचार के लिए डलहौजी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां घायल को प्राथमिक उपचार दिया गया। घायल चालक की पहचान गजिंद्र कुमार निवासी उल्याणू डाकघर लुड्डू तहसील (चंबा) के रूप में हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त गाड़ी पठानकोट से चंबा की तरफ आ रही थी। लेकिन जैसे ही गाड़ी केरू नाला के समीप पहुंची तो अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे लुढ़क गई। गाड़ी नाले में गिरने की आवाज सुन स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने नाले में जाकर कड़ी मशक्कत के बाद चालक को मुख्य मार्ग तक पहुंचाया। 108 एंबुलेंस की मदद से उपचार सिविल अस्पताल डलहौजी पहुंचाया, जहां तैनात चिकित्सक ने घायल को उपचार दिया। एसपी डॉ. मोनिका ने बताया कि इस बारे सूचना मिली थी। कहा कि पुलिस टीम मौके पर पहुंची।