रिकांगपिओ: जनजातीय किन्नौर पूरी तरह से शीत लहर की चपेट में है। समूचे जिले में पिछले एक दिन से रूक-रूक कर बर्फ बारी जारी है। जिसके चलते जिले में ठंड का प्रकोप बढ गया है। प्राप्त सूचना के अनुसार किन्नौर के छितकुल, रकछम में 12 ईंच बर्फ दर्ज की गई। जबकि जिला के कल्पा में 9 ईंच व जिला मुख्यालय रिकांगपिओ में 6 ईंच बर्फ दर्ज की गई।
उपायुक्त गोपाल चन्द ने बताया कि जिले को जोडने वाला राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5 यातायात के लिए खोल दिया गया है। यह मार्ग पूर्वनी के पास बर्फबारी के कारण अवरुद्ध हो गया था। इसी प्रकार जिला मुख्यालय रिकांगपिओ को पोवारी से जोडने वाला मार्ग भी यातायात के लिए खोल दिया गया है। कल्पा लोक निर्माण मण्डल के अन्तर्गत 40 संपर्क मार्ग अवरुद्ध है। जिनमें से 15 संपर्क मार्गों को शुक्रवार सायं तक यातायात के लिए बहाल कर दिया जाएगा ।
भावानगर लोक निर्माण मण्डल के तहत सांगला घाटी के अधिकांश संपर्क मार्गों सहित 25 संपर्क मार्ग अवरुद्ध है। जिन्हे यातायात के लिए खोलने के प्रयास जारी हैं। उपायुक्त ने कहा कि जिले के 402 विद्युत ट्रांसफार्मरों से 366 ट्रांसफार्मर सूचारू रूप से कार्य कर रहे हैं। जिले के दूर-दूराज सीमावर्ती गांव छितकुल व रकछम में विद्युत आपूर्ति को सूचारू कर दिया गया है। शेष ट्रांसफार्मर भी शुक्रवार सायं तक सूचारू रूप से कार्य आरम्भ कर देंगे।
जिले में पेयजल आपूर्ति की स्थिति सामान्य है। जिले के पूह उप-मण्डल के रिब्बा व ज्ञाबुंग के अलावा सभी पेय जल आपूर्ति सूचारू रूप से कार्य कर रही है। रिकांगपिओ मण्डल में भी छितकुल के अलावा सभी जल आपूर्ति सूचारू रूप से कार्य कर रही है। शुक्रवार को संपर्क मार्गों पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप्प रही। जबकि एनएच-5 पर निगम की बसे स्पिलो व पूह तक ही भेजी गई। बसें नहीं चलने से लोगों को खासा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।