शिमला: अगर प्रतिभा, मेहनत और लगन हो तो विकलांगता भी रास्ते में रोड़ा नहीं अटका सकती। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से कानून में पीएचडी कर रहीं प्रियंका ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश न्यायिक सेवा के लिए चयनित होकर इतिहास रच दिया है। उनकी नियुक्ति बतौर सब-जज होगी। उनकी शारीरिक विकलांगता 54 प्रतिशत है। कुलपति प्रो. सिकन्दर कुमार ने प्रियंका को बधाई देते हुए कहा कि यह विश्वविद्यालय के लिए गौरव की बात है।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय कार्यकारिणी परिषद (ईसी) के सदस्य और विकलांगता मामलों के नोडल अधिकारी प्रो. अजय श्रीवास्तव ने बताया कि हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा शनिवार शाम को राज्य न्यायिक सेवा परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। प्रियंका ठाकुर ने एलएलएम की परीक्षा विश्वविद्यालय परिसर से प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण करके पीएचडी में दाखिला लिया है। उन्होंने यूजीसी नेट की कठिन परीक्षा भी उत्तीर्ण की। उन्होंने बताया की कांगड़ा के इंदौरा तहसील के गांव वडाला की रहने वाली प्रियंका ठाकुर के पिता सुरजीत सिंह बीएसएफ में इंस्पेक्टर पद से रिटायर हुए हैं। माता सृष्टा देवी गृहणी हैं।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय अध्ययन केंद्र से एलएलबी की परीक्षा पास करने के बाद प्रियंका ने विश्वविद्यालय परिसर से एलएलएम किया। उमंग फाउंडेशन से जुड़ी प्रियंका ठाकुर अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता को देती हैं। माता-पिता से मिले सहयोग के अलावा विश्वविद्यालय के प्रोफेसर और परिसर में विकलांग विद्यार्थियों के अधिकारों के बारे में आ रही जागरूकता को देती हैं। उनका कहना है कि यदि दृढ़ निश्चय हो तो एक न एक दिन कामयाबी जरूर मिलती है।
उन्होंने बताया कि न सिर्फ उनके परिवार में बल्कि समूचे गांव में खुशी का माहौल है। उन्होंने कहा कि अक्सर बेटियों और दिव्यांगों को कमजोर मानकर उनकी उपेक्षा कर दी जाती है। लेकिन यदि उन्हें परिवार, समाज और शिक्षकों से सहयोग मिले तो बेटियां किसी भी मुकाम तक पहुंच सकती हैं।
Latest
- गजब : 17,598 फीट पर माउंट एवरेस्ट के बेस कैंप पहुंचा हिमाचल का 6 वर्षीय बालक
- हिमाचल में सीजन का सबसे गर्म दिन, ऊना में पारा 38 डिग्री, चार दिन बारिश व ओलावृष्टि का अलर्ट
- हमीरपुर में लगी है दोनों दलों के दिग्गजों की साख दांव पर
- JEE Mains : 100 परसेंटाइल लेकर अभय ने रोशन किया करियर अकादमी का नाम
- मंडी : आपदा में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए NHAI के दो अधिकारी सम्मानित