सोलन : जिला भाजपा के चुनाव में नालागढ़ के आशुतोष वैध्य को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया है। चुनाव प्रभारी सुख राम चौधरी की देखरेख में संपन्न हुए चुनाव में जिला भर से 14 सदस्यों ने अध्यक्ष पद के लिए आवेदन किया। करीब चार घंटे चली बैठक में जिला प्रभारी गणेश दत्त शर्मा और शिमला पार्लियामेंट के प्रभारी व प्रदेश सरकार के सामाजिक न्याय व अधिकारिता मंत्री डॉ. राजीव सहजल विशेष रूप से मौजूद रहे। पार्टी के आला नेताओं ने जिला के सभी पांचों मंडल के अध्यक्षों व महासचिवों से अलग-अलग बैठक कर फीडबैक ली। सभी नामों पर चर्चा होने के बाद चुवाव प्रभारी सुखराम चौधरी ने अध्यक्ष के नाम को घोषणा की।
अध्यक्ष के चाहवानों में सोलन विधानसभा से पवन गुप्ता, रविंद्र परिहार, लोकेश्वर दत्त शर्मा, कुमारी शीला, नंदराम कश्यप, तीर्थानंद भारद्वाज, अशोक ठाकुर, देवेंद्र कूनपुरी, देविंदर वर्मा शामिल है। इसी तरह नालागढ़ आशुतोष वैध्य, अर्की से आशा परिहार व अमर सिंह ठाकुर, कसौली विधानसभा से तीर्थराम ठाकुर और लाजकिशोर ने अध्यक्ष पद की दावेदारी पेश की। सोलन विस से 9 दावेदार होने के बावजूद अध्यक्ष पद नालागढ़ की झोली में आ गया। चुनाव तक ये अटकलें लगाई जा रही थी कि सोलन विधानसभा से जिला अध्यक्ष बनेगा। मगर नालागढ़ के आशुतोष वैध्य सब पर भारी पड़ गए।
वैध्य का नाम चुनाव से पहले ही सोशल मीडिया में चल पड़ा था। इसका अन्य दावेदारों और अन्य सदस्यों ने इसको लेकर नाराजगी भी जाहिर की। भाजपा जिला सोलन अध्यक्ष आशुतोष वैध्य ने पार्टी के विभिन्न दायित्वों पर कार्य किया है। वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं प्रदेश सचिव रह चुके हैं। उनका राजनीति में 20 साल से ज्यादा का अनुभव है। वैध्य भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष के पद पर भी कार्य कर चुके हैं। उसके बाद वह प्रदेश युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष बने थे। चुनाव प्रभारी सुख राम चौधरी ने नव नयुक्त भाजपा जिला सोलन अध्यक्ष आशुतोष वैध्य ने नाम की घोषणा की और जिम्मेदारी सौंपी।
नव नियुक्त भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष वैध्य ने प्रदेश नेतृत्व का धन्यवाद करते हुए कहा कि वह जिला अध्यक्ष के पद पर कार्यरत होकर सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलेंगे। पार्टी के सभी कार्यों को धरातल पर उतारेंगे, जिससे आने वाले समय मे पार्टी तो बल मिलेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं को साथ लेकर जिला की पांचो विधानसभा सीटों को मजबूत किया जाएगा।